- हरिद्वार पुलिस ने धर दबोचा दुष्कर्म का अपराधी
- लगभग एक माह से चल रहा था फरार, कानूनी कार्रवाई जारी
हरिद्वार, 28 फरवरी। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली मंगलौर निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में थाना कोतवाली मंगलौर में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मामले में आरोपी घटना के दिन से ही फरार चल रहा था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में इंस्पेक्टर इंचार्ज कोतवाली मंगलौर द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम के प्रयासों के फलस्वरूप 27 फरवरी को मुकदमे से संबंधित आरोपी बसन्त पुत्र राकेश, निवासी ग्राम मुण्डलाना मंगलौर को धर दबोचा गया।
पुलिस ने अपह्रता को सकुशल बरामद कर लिया है। जांच के दौरान प्रकरण में पोक्सो अधिनियम की धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला एसआई नीलम, कॉन्स्टेबल अंकित तथा होमगार्ड मेनपाल शामिल रहे। पुलिस ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है।




