देहरादून | शिक्षा निदेशालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि यह घटना भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी में हुई। मामला सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद निदेशक अजय नौडियाल को उपचार के लिए कोरोनेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकीय निगरानी में इलाज जारी है। प्रशासनिक विवाद से बढ़ी बात, हाथापाई तक पहुंचा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षा निदेशालय में किसी प्रशासनिक विषय को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और हाथापाई हो गई। निदेशक अजय नौडियाल ने सीधे तौर पर विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि विधायक के समर्थकों ने निदेशक के साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की। हालांकि, घटना को लेकर अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। निदेशक स्तर के अधिकारी के साथ हुई कथित मारपीट से शिक्षा निदेशालय के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने घटना के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया है। उनका कहना है कि यदि किसी अधिकारी से असहमति थी, तो उसका समाधान प्रशासनिक स्तर पर किया जा सकता था, लेकिन हिंसा पूरी तरह अस्वीकार्य है।कर्मचारियों ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मांगें पूरी न होने की स्थिति में प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। कर्मचारियों की बैठक के बाद हड़ताल की औपचारिक घोषणा संभव है। घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। यह प्रकरण अब प्रशासनिक के साथ-साथ राजनीतिक रूप भी लेता जा रहा है। आने वाले दिनों में सरकार और प्रशासन की भूमिका इस मामले में अहम मानी जा रही है।




