देहरादून 2 फरवरी, देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत मच्छी बाजार स्थित दूल्हा बाजार के पास सोमवार सुबह 2 फरवरी को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने गली में एक युवती पर धारदार हथियार से अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए तत्काल दून चिकित्सालय भिजवाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकाश कुमार पुत्र कोमल राम, निवासी 46 मन्नूगंज, खुडबुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 27 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा प्रकरण में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।




