उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा आज उत्तरकाशी रामलीला मैदान में आयोजित मंगसीर बग्वाल कार्यक्रम में शिरकत कर “बेटी बग्वाल” का शुभारम्भ किया गया। शुभारम्भ के अवसर पर अपर जिलाधिकारी उत्तरकाशी सुश्री मुक्ता मिश्रा एवं उपजिलाधिकारी भटवाडी सुश्री शालिनी नेगी भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में लगे लोक संस्कृति से जुडे वाद्य यंत्रों, बर्तनों, हस्तशिल्प आदि विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर एसपी उत्तरकाशी द्वारा मंगसीर बग्वाल आयोजक समिति को बधाई देते हुये सभी को बग्वाल त्यौहार की शुभकामनाएं दी गयी, उनके द्वारा बताया गया कि मंगसीर बग्वाल उत्तराखण्ड की ऐतिहासिक एवं पौराणिक गाथाओं का धरोहर एवं पर्व है। देवभूमि के गौरवपूर्ण इतिहास के इस लोकपर्व में भैला, तांदी, रांसो आदि पारम्परिक संस्कृति की अद्भुत छटाएं देखने को मिलती है, यह हम सभी के लिये गौरव व हर्ष की बात है। बेटी बग्वाल के शुभावसर पर उनके द्वारा बेटियों व महिलाओं हेतु आयोजित खेल-खूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली समस्त बालिकाओं एवं महिलाओं की हौसला-अफजाई कर शुभकामनाएं दी गयी।




