23.2 C
Dehradun
Wednesday, March 4, 2026


spot_img

जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा

अल्मोड़ा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज विकास भवन सभागार में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद अजय टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री टम्टा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि उनका लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं, ताकि कोई भी परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि कार्ड निर्माण कार्य को तेजी से चलाया जाए और घर-घर तक इसका प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास एवं उनका लाभ लोगों को शत प्रतिशत दिलाना सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। जहां जहां स्कूल भवन क्षतिग्रस्त हैं, उनका आगणन बनाते हुए आगे की कार्यवाही की जाए। बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। सांसद श्री टम्टा ने निर्माण से जुड़े विभागों—लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, जल निगम एवं अन्य एजेंसियों—को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि निर्माण मानकों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, और यदि कहीं लापरवाही पाई जाती है तो उसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गांवों में जाकर किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, उन्नत बीज, अधिक उत्पादन वाली फसलों तथा फल–वर्गीय योजनाओं के बारे में जागरूक करें। मंत्री ने कहा कि खेती-किसानी को आजीविका का मजबूत साधन बनाने पर जोर दिया जाए तथा किसानों को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि कृषि आधारित स्टार्टअप, समूह गठन एवं प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने सड़क संबंधी विभागों को निर्देश दिए कि सड़कों के विकास तथा हर गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। अधिकारी जमीनी स्तर पर आवश्यकताओं को देखते हुए प्रस्ताव बनाएं तथा सड़कों की मरम्मत नियमित रूप से करवाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां जहां भी लोगों को मुवावजा दिया जाना अवशेष है, प्राथमिकता से यह काम पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग कर रही है। उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी राज्य के लिए आवश्यक होगा वह सब केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। बैठक में मंत्री श्री टम्टा ने कहा कि विकास कार्यों का लक्ष्य जनहित है, इसलिए सभी विभाग परस्पर समन्वय बनाते हुए योजनाओं को धरातल पर बेहतर तरीके से लागू करें। बैठक के अंत में बीते शनिवार को कैंची धाम के निकट रातीघाट में हुई दुर्घटना में दिवंगत हुए प्रदेश अध्यक्ष एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर एसोसिएशन पुष्कर सिंह भैंसोड़ा, अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ हवालबाग संजय बिष्ट तथा महामंत्री राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सुरेंद्र भंडारी की आत्मा की शांति के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री ने सभी सभी बैठक प्रतिभागियों के साथ मौन धारण किया तथा प्रभावित परिवारों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
साथ ही घायल हुए मनोज कुमार के लिए जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। बैठक में विधायक रानीखेत डॉ प्रमोद नैनवाल, मेयर अल्मोड़ा श्री अजय वर्मा, विभिन्न विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र जी, जिला विकास अधिकारी श्री एसके पंत सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!